पुलिस गिरफ्त में मोटर साइकिल चोर
- फोटो : ETAWAH
इटावा। कोतवाली पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर बड़े खुलासे का दावा किया है। बुधवार देर रात क्षेत्र के टीटी तिराहा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने शातिर को पकड़ा। इनके पास से दूसरे प्रदेशों से चुराई गईं 10 बाइकें, पांच तमंचा, सात कारतूस व मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने गुरुवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। यहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस बुधवार देर रात क्षेत्र के टीटी तिराहा के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। बाइकें उदी की तरफ से आती दिखाई दीं। पुलिस ने शक के आधार पर बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, तो वह पीछे की तरफ बाइकें मोड़कर भागने लगे। भागने में बाइकें आपस में टकरा गईं और बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। पुलिस तीन बाइकों पर सवार पांच लोगों दबोच लिया। जबकि एक मौके से भाग गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की सात और बाइकें ख्वाजा रोड पर कब्रिस्तान के पास झाड़ियों के बीच से बरामद किया। आरोपियों ने इटावा और उसके आसपास के जिलों के साथ ही दूसरे राज्यों से वाहन चोरी किए जाने की बात कबूली है। गिरोह से जुड़े और लोगों का पता लगाया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इटावा के मढैया करीलगढ थाना पछायगांव निवासी कपिल उर्फ सीपू, अंकुश उर्फ सनी, नखाशा थाना कोतवाली निवासी गौतम यादव, शाहगंज थाना कोतवाली के आशिफ व सोहिल उर्फ ईदू।
शातिर पुलिस को बाइकों के कागजात व ड्राइविंग लाइसेंस नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने ई चालान एप पर बाइकों के नंबरों चेक किए, तो गलत पाए गए। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके पास अपनी बुलेट बाइक है। इसी गाड़ी से वह लोग इटावा उसके आसपास के दूसरे जिलों में जाकर रेकी करते हैं। फिर सुनसान
जगह पर खड़ी बाइकों को लेकर फरार हो जाते हैं। बाइकों को जंगल या झाड़ियों के बीच खड़ी कर देते थे। ग्राहक मिलने पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक को बेच देते थे। रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपियों से बरामद बाइकों में एक इटावा कोतवाली के शाहगंज इलाके से चुराई गई थी।