पुलिस विभाग की तीन दिवसीय 18वीं अंतरजनदीय हॉकी एवं हैंडबाल प्रतियोगिता की शुरुआत बुधवार को ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई। उद्घाटन डीआईजी नीलाब्जा चौधरी ने किया। पहले दिन कानपुर नगर और कन्नौज की टीमें विजेता रहीं। प्रतियोगिता का समापन 17 अप्रैल को होगा।
उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि डीआईजी नीलाब्जा चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत कोई मायने नहीं रखती। अगर हारने के डर से कोई खेल नहीं खेलता है तो वह कभी नहीं जीतेगा।
खेल को पूरी ईमानदारी के साथ खेलें। खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। एसएसपी डा. राकेश सिंह ने कहा कि खेल को हमेशा खेल की भावना से खेलना चाहिए। सभी खिलाड़ी अनुशासन में रहकर बेहतर खेल का प्रदर्शन करें।
हॉकी का उद्घाटन मैच कानपुर नगर व फतेहगढ़ की टीम के बीच खेला गया। इसमें कानपुर नगर ने फतेहगढ़ को 05-02 से हराया। शाम को हॉकी का दूसरा मैच औरैया व कन्नौज के बीच खेला गया। इसमें कन्नौज ने औरैया को 06-04 से हराया।
उद्घाटन अवसर पर एएसपी सर्वानंद यादव, सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा, सीओ भरथना राघवेंद्र सिंह, सीओ सैफई अरुण कुमार दीक्षित, आरआई हुब्बलाल, जिला क्रीड़ाधिकारी एपी यादव आदि मौजूद रहे।