धूपबत्ती बनाने बाले कारखाने में आग लगने के बाद जला पड़ा सामान
- फोटो : ETAWHA
बसरेहर। सैफई थानाक्षेत्र के गांव लौंगपुर स्थित धूपबत्ती व डिटर्जेंट पाउडर के कारखाने में बुधवार रात आग लग गई। ग्रामीणों की मदद से कारखाना मालिक ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा करीब दस लाख रुपये का माल जल गया।
लौंगपुर निवासी विजय सिंह का गांव में ही धूपबत्ती, अगरबत्ती व डिटर्जेंट पाउडर का कारखाना है। विजय ने बताया कि बुधवार शाम को काम खत्म होने के बाद वह कारखाना बंद कर घर चले गए थे। तभी रात को ग्रामीणों ने कारखाने से धुआं निकलने की जानकारी दी।
इस पर वह कारखाने पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे बाद कारखाना मालिक व ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। विजय ने बताया कि आग से अगरबत्ती के डिब्बे, धूप बत्ती के डिब्बे, 10 पैकेट पॉलिथीन, पैकिंग मशीन, डिटर्जेंट पाउडर समेत दस लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया।