फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घूरे से उठी चिंगारी ने मचाई तबाही

Wed, 06 May 2015 11:17 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
ताखा तहसील क्षेत्र के गांव मानिकपुर में बुधवार की दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आधे गांव को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीण मिलकर आग बुझाने में जुटे रहे लेकिन 12 घर जलकर खाक हो गए।
विज्ञापन


अग्निकांड में दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। अग्निकांड में एक भैंस के साथ दर्जन भर बकरी जलकर मर गईं। देर से पहुंचने पर फायर कर्मियों और तहसीलदार को ग्रामीणों के गुस्से का शिकार होना पड़ा।

बुधवार की दोपहर करीब 11 बजे ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव मानिकपुर में गांव के पश्चिमी किनारे रखे घूरे से उठी चिंगारी अवधेश सिंह के मकान के बाहर पड़े छप्पर पर जा गिरी। तेज हवा चलने के कारण चिंगारी ने पल भर में ही विकराल रूप धारण लिया। आग से अवधेश की पत्नी सुमन (45) और पुत्री नीरज (18) झुलस गई।
विज्ञापन


चीख-पुकार और छप्पर से उठती लपटें देखकर ग्रामीण दौड़े और आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच आग ने अवधेश के घर को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें भैंस व बकरियां भी जलकर मर गईं। तमाम कोशिशों के बावजूद तेज हवा की वजह से आग एक घर से दूसरे घर की ओर बढ़ती रही।

वीरभान और रुकुम सिंह शाक्य के घर को भी लपटों ने अपनी चपेट में लिया। फिर किसान सिंह के मकान में मोटर साइकिल सहित घर गृहस्थी का सामान जल गया। अग्निकांड में करीब 12 घरों की गृहस्थी राख हो गई। गांव में चारों ओर आग की लपटें और पीड़ितों की चीखें सुनाई दे रही थीं।

आग की सूचना पर आसपास के गांव से भी लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना के दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों दो-तीन घरों में पानी डाल ही पाए थे कि उसका पानी खत्म हो गया। बाद में गांव के पास तालाब से पानी लिया गया। तीन घंटे बाद मौके पर तहसीलदार ताखा पहुंचे।

फायर ब्रिगेड के देरी से आने पर ग्रामीणों ने विरोध जताया तो तहसीलदार भी संसाधनों का रोना रोने लगे। दोपहर तीन बजे तक ग्रामीण बाल्टियों से पानी लाकर आग बुझाने में लगे रहे। जिस जगह से आग की शुरुआत हुई थी फायर ब्रिगेड वहां चार घंटे बाद भी पानी नहीं पहुंचा सकी।

आग से सभी 12 घर पूरी तरह से जल चुके हैं। ऐसे में घर वालों के सामने संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पीड़ितों के सामने सिर छिपाने और खाने तक के लिए कुछ नहीं बचा हुआ है।

इनके घर हुए राख
संजीव पुत्र नरेंद्र सिंह, पूरन सिंह पुत्र उदयवीर सिंह, सुभाष पुत्र बाबू सिंह, किशन पुत्र नरेंद्र सिंह, हरविलास पुत्र गेंदालाल शर्मा, रामनाथ पुत्र छोटेलाल शर्मा, रामगोपाल पुत्र गेंदालाल शर्मा, रामऔतार पुत्र राजकुमार शर्मा, वीरभान सिंह पुत्र रामभरोसे, उदयवीर पुत्र रघुवीर सिंह, अवधेश सिंह पुत्र राजपाल, रुकुम सिंह पुत्र वीरभान सिंह के घर पूरी तरह से तबाह हो गए।

प्रशासन ने दी प्राथमिक सहायता
अग्निकांड के पीड़ितों को जिला प्रशासन ने फौरी तौर पर सहायता मुहैया करा दी है। डीएम के निर्देश पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार विजय कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित परिवारों को 3800-3800 रुपये की आर्थिक सहायता के साथ पचास-पचास किलो अनाज दिया गया है।

ब्लाक अध्यक्ष सपा रामवीर सिंह यादव ने गांव पहुंचकर पीड़ितों से पूरे मामले की जानकारी ली और मामले की जानकारी कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव तक पहुंचाने की बात कही।

तहसीलदार पर भड़के ग्रामीण
तीन घंटे तक आग से जूझ रहे ग्रामीणों के मध्य पहुंचे तहसीलदार ताखा विजय यादव को ग्रामीणों का गुस्सा झेलना पड़ा। ग्रामीणों ने तहसीलदार से दमकल की दूसरी गाड़ी मौके पर बुलाने की मांग की, लेकिन तहसीलदार बाल्टियों से आग बुझाने की कहने लगे। इस पर अग्निकांड में ताबह हो चुके ग्रामीण भड़क गए।

ग्रामीणों का कहना था कि वह पहले ही दो से तीन घंटे तक स्वयं के संसाधनों से जूझ रहे हैं, लेकिन वह आग पर काबू नहीं कर पाए। पांच घंटे बाद तक मौके पर दूसरी दमकल नहीं पहुंची थी।

मिट्टी का तेल झिड़ककर युवक ने आग लगाई
जसवंतनगर (इटावा)। गृहकलेश के चलते एक युवक ने कमरा बंद कर मिट्टी का तेल झिड़क कर आग लगा ली। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे गंभीर हालत में उसे सैफई पीजीआई पहुंचाया। ग्राम कैस्त निवासी लाखन सिंह के 23 वर्षीय पुत्र कुमार सोनू और उसकी पत्नी में किसी वजह से झगड़ा हो गया था।

उस समय परिवारीजनों ने दोनों को समझा-बुझा दिया था। मंगलवार देर शाम को सोनू अचानक खुद को कमरे में बंद कर लिया और अपने ऊपर मिट्टी का तेल झिड़क  कर आग लगा ली। जब कमरे से चीखपुकार की आवाज आई और परिजनों ने धुंआ निकलता देखा तो किसी अनहोनी की आशंका के साथ दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला। सीएचसी एंबुलेंस से उसे सैफई पीजीआई ले गए। युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें