इटावा। शंकराचार्य पर ऐसी प्राथमिकी दर्ज कराई गईं हैं जो कि प्रधानी के चुनाव में दर्ज कराईं जाती हैं। यह बात बुधवार को सैफई स्थित सपा कार्यालय पर हुई फूलों की होली कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कही।
आगे कहा कि इस बार भाजपा की सनातन की पोल खुल गई है। जिस स्थान को पवित्र मानते हैं, वहां शंकराचार्य को स्नान नहीं करने दिया। कहा कि जो प्राथमिकी दर्ज कराएगा वह सनातनी नहीं हो सकता है। आगे कहा कि जो माया से दूर हो वह योगी होता है। वस्त्र पहनने से कान छिदवाने से कोई योगी नहीं होता है। योगी शंकराचार्य का सर्टिफिकेट मांग रहे थे। उनके पास योगी का सर्टिफिकेट खुद नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया का जमाना है। इस सरकार से ज्यादा झूठी सरकार कभी नहीं रही है। जब सरकार जाने वाली है तब मुख्यमंत्री जापान जाकर एक लाख करोड़ का एमएयू करके आए हैं। मुख्यमंत्री विदाई से पहले घूमने जा रहे हैं। आज सोना इतना महंगा हो गया है कि लोग शादी में जेवर नहीं दे पा रहे हैं। आलू का हाल खराब है। कोई हिसाब-किताब नहीं है। इस सरकार में सबसे ज्यादा टैक्स शराब वाला विभाग दे रहा है।
आगे विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि विदेश नीति जुगाड़ से बनी है। हमारे किसानों को भी अमेरिका से जोड़ दिया है, समझौता हुआ है कि अमेरिका जानवरों की फीड देगा, घास बरसीम भी क्या अमेरिका से आएगी। कहा कि सपाइयों को 2027 की तैयारी करनी है। तैयारी अच्छी होगी सरकार बनाना आसान होगा।
इससे पहले सपा मुखिया ने कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली खेली। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव पूरा परिवार मौजूद रहा।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि जहां हम लोग होली मना रहे हैं, वहीं विश्व के कई हिस्सों में बम चल रहे हैं। कहा कि एक देश जिसने राष्ट्रपति को मार दिया है, उसी देश के साथ सरकार ने समझौता किया है। आज अमेरिका में एक करोड़ से ज्यादा भारतीय रह रहे हैं। युद्ध के अन्य देशों में भी भारतीय रह रहे हैं। भाजपा की विदेश नीति ने सब बर्बाद कर दिया है। हमारे यहां हवाई जहाज, मिसाइलें अन्य देशों की है, बताओ कभी लड़ाई हुईं तो क्या होगा। कहा कि समाजवादी विचारधारा युद्ध के खिलाफ है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को मंच से अनुशासन का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा किसमाजवादी अनुशासन के लिए जाने जाते हैं। बोले- यदि जनता से शिकायत आई तो वह व्यक्ति माना जाएगा कि सपा का नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकार बनाने के लिए सबसे जरूरी है अनुशासन में रहना। उन्होंने कहा कि 2027 में अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।