इटावा। शहर में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को एसडीओ द्वितीय लव कुमार वर्मा ने अपने क्षेत्र में 29 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। अभियान के दौरान 219 कनेक्शन चेक कर 11 लाख से अधिक के 82 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए।
एसडीओ द्वितीय ने बताया कि कटरा पुर्दल खां, मेवाती टोला व उर्दू मोहल्ला में बिजली चोरी करने पर 29 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अभियान के दौरान गुरुतेग बहादुर व रामलीला रोड पर 120 कनेक्शन चेक किए गए। 7.5 लाख रुपये के 41 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। साथ ही 12 बिल ठीक करने के अलावा 3.9 लाख रुपये की वसूली की गई।
एसडीओ तृतीय सचिन कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने फ्रेंडस कालोनी प्रथम एवं द्वितीय में चेकिंग अभियान के दौरान 99 कनेक्शन चेक किए गए। इस दौरान 4.20 लाख रुपये के 41 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए और 2.99 लाख रुपये की वसूली हुई। अधिशासी अभियंता राहुल बाबू कटियार ने उपभोक्ताओं से समय से बिजली बिल जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।