सातवां वर्मा स्पोर्ट्स ट्वेंटी-20 कप के चौथे मैच में बुधवार को छठवें संस्करण की विजेता एफसीसी क्लब ने लार्ड्स क्लब को 65 रनों से हराकर सेमी फाइनल में प्रवेश किया। अब एफसीसी क्लब का मुकाबला सोना क्लब से होगा। कैफी आजमी मैन ऑफ द मैच बने।
जीआईसी मैदान पर ईसीए के तत्वावधान में चल रही इस क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को एफसीसी के कप्तान शालू खान ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 4 विकेट पर 156 रन बनाए।
जिसमें कैफी आजमी ने 30 गेंद पर 50, शालू ने 31, टीपू ने 25, साजिद व दीपक ने 18-18 रन बनाए। लार्ड्स की ओर से आशीष, शरद व जावेद ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में उतरी लार्ड्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले पांच विकेट 25 रन पर ही ढेर हो गए। टीम निर्धारित 15 ओवर में 7 विकेट पर महज 91 रन ही बना सकी।
इसमें विक्की ने नाबाद 46 रन बनाए। एफसीसी की ओर से साजिद, बंटी व कैफी ने दो-दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच कैफी आजमी को चुना गया। मैच की अंपायरिंग मनोज कुमार व इदरीश अंसारी ने और स्कोरिंग ओवेश व कमेंट्री कफील ने की। इससे पूर्व मैच के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि समाजसेवी प्रशांत राव चौबे व विशिष्ट अतिथि अब्बास खान का ईसीए अध्यक्ष सर्वेश चौहान ने स्वागत किया।
श्री चौबे ने जल्द ही एक जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और पहली गेंद खेलकर मैच की शुरुआत की। इस अवसर पर शफीक खान, ओमकार वर्मा, टीटू जैन, फिरोज सिद्दकी व विलाल खान आदि क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।