भरथना। कस्बा क्षेत्र में गर्मी बढ़ने के साथ ही होने वाली बिजली कटौती और फॉल्ट ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। तापमान बढ़ने के चलते ट्रांसफार्मर फुंकने और केबल में फॉल्ट के मामले बढ़ गए हैं। रविवार शाम को भी जवाहर सड़क पर रखे ट्रांसफार्मर के केबल में आग लग गई जिसके बाद लगभग दो घंटे तक बिजली नहीं आई और लोग गर्मी से बेहाल रहे।
इसके अलावा दिन के समय बार-बार हो रही बिजली कटौती से भी लोगों बुरा हाल है। रात में भी बिजली की आवाजाही ने लोगों की नींद उड़ा रखी है। भीषण गर्मी में पंखे और कूलर बंद होने से घरों में रहना मुश्किल हो रहा है। कस्बे के लोगों का कहना है कि शाम होते ही बिजली की कटौती और आवाजाही का सिलसिला तेज हो जाता है जो सुबह तक जारी रहता है। रविवार शाम से आधी रात तक बिजली की आंख मिचौली ने लोगों की नींद उड़ा दी। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग गर्मी का मौसम आने से पहले मरम्मत कार्य करता है लेकिन इसके बाद भी गर्मी में ट्रिपिंग बंद नहीं होती है।
मोहल्ला कल्याण नगर की माधुरी का कहना है कि गर्मी के बढ़ते ही बिजली की आंख मिचौली ने दिन-रात का चैन छीन लिया है। अघोषित बिजली कटौती का आलम यह है कि लगातार एक-एक घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहती है जिससे सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है।
मोहल्ला ब्रजराज नगर निवासी युवा तनुज श्रीवास्तव ने बताया कि लू के तेज थपेड़ों के पड़ रही भीषण गर्मी के शुरू होते ही बिजली की आवाजाही से दुकान पर बैठना मुश्किल हो गया है। बिजली की पल-पल आवाजाही व बेवजह अघोषित कटौती से परेशान हैं।
तार टूटने और फॉल्ट होने पर उनकी कोशिश होती है कि जल्द से जल्द फॉल्ट को ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास विभाग का रहता है।
नीरज कुमार, जेई बिजली विभाग