निवाड़ीकला। बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम पेवली अड्डा में आग से किसान की झोपड़ी सहित बड़ी मात्रा में चारा जल गया, वहीं पास ही बंधी एक पड़ोसी की भैंस भी बुरी तरह झुलस गई। दमकल की गाड़ी देरी से पहुंचने पर ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी गई।
गांव निवासी देवी दयाल निषाद की झोपड़ी में मंगलवार शाम अचानक आग लग गई। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के बीच आग ने पल भर में विकराल रूप ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि झोपड़ी के पास से गुजर रहे बिजली के तार और प्लास्टिक के पाइप भी लपटों की तपिश से पिघल गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन में एकजुट होकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था।
पीड़ित ने बताया कि आग से लगभग 40 क्विंटल भूसा, 100 पूरी बाजरा, बान बनाने का डाब जल गया। इसके साथ ही झोपड़ी से कुछ ही दूरी पर अरुण तिवारी की भैंस बंधी थी, जो आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गई। तहसीलदार भरथना दिलीप सिंह, लेखपाल संजय सिंह और ग्राम प्रधान राजवीर मौके पर पहुंचे और हर संभव आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया।