जिला उद्यान विभाग की ओर से बसरेहर विकासखंड परिसर में सोमवार को कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि व उप निदेशक कृषि (प्रसार) डा. एसके सिंह ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। सोलर पंप के बारे में बताया। उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण कराने की अपील की।
इस मौके पर जनता कालेज बकेवर के प्राचार्य डा. एमपी सिंह ने वैज्ञानिक विधि से सब्जी की खेती, फलोत्पादन एवं जैविक खेती की तकनीकी जानकारी दी। डा. राजपूत ने जैविक खादों द्वारा तैयार की गई सब्जियों तथा लहसुन आदि की खेती में उच्च गुणवत्तायुक्त उत्पादन करने की जानकारी प्रदान की।
जिला उद्यान अधिकारी डा. धर्म पाल यादव ने खरीफ मौसम में संचालित योजनाएं जैसे बाग रोपण, मशीनीकरण, केंचुआ खाद आदि के लिए आवेदन पर जोर दिया। जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने कीट रोग प्रबंधन की जानकारी दी। पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सक ने पशु पालन की जानकारी दी। उद्यान अधिकारी ने सभी का आभार जताया।