(फोटो संख्या 13) तेज सिंह यादव। फाइल फोटो
कानपुर पीएसी में अपने भाई के साथ रह रहा था किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। कानपुर पीएसी में तैनात भाई के साथ रह रहे किसान का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। भाई बिना पोस्टमार्टम कराए शव को दाह संस्कार के लिए इटावा में अपने गांव लेकर पहुंचा। किसान के नाती ने थाना पुलिस को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। किसान की बेटी ने हत्या का आरोप चाचा पर लगाया है।
विजय नगर निवासी राहुल ने बताया कि उसके नाना तेज सिंह यादव (65) निवासी रम्पुरा कौआ थाना ऊसराहार अपने छोटे भाई एसआई लल्लू सिंह यादव के साथ कानपुर पीएसी में बने क्वार्टर में रह रहे थे। मंगलवार को नाना के गांव से जानकारी मिली की उनकी मौत हो गई है।
अपने परिवार के साथ दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव पहुंचे, वहां नाना के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। मां ने नाना के शव से कपड़ा हटाकर देखा तो उनकी गर्दन पर रस्सी का निशान दिखाई दिया। नाना के छोटे भाई से निशान के बारे में पूछा तब उन्होंने फंदा लगाने की बात कही। किसान के नाती ने पुलिस को सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम करवाया।
राहुल ने बताया कि मंगलवार की सुबह नाना की मां गुड्डी देवी से फोन पर बात हुई थी, तब वह बिल्कुल ठीक थे। किसान के बेटी ने वसीयत को लेकर अपने चाचा पर हत्या का आरोप लगाया है। किसान के भाई लल्लू सिंह ने बताया कि उनके बड़े भाई का इलाज लखनऊ पीजीआई में चल रहा था। वह कई महीनों से उनके पास ही रह रहे थे।
मंगलवार को वह ड्यूटी के निकल गए थे। नौ बजे के करीब कांस्टेबल राजेंद्र ने फोन पर जानकारी दी कि उनके बड़े भाई का शव क्वार्टर के सामने पेड़ पर फंदे से लटका हुआ है। किसान के भाई ने उच्चाधिकारियों से बिना पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कराने की अनुमति लेकर इटावा ले आए। ऊसराहार थाने का प्रभारी देख रहे जगराम सिंह ने बताया कि किसान के नाती राहुल की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।