(फोटो संख्या 05) वृंदावन में परिंदा प्रणय कार्यशाला में सम्मानित प्रदेशभर के शिक्षक। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
ताखा। कान्हा की नगरी श्रीधाम वृंदावन में मंगलवार को हुए चिड़ियों के लिए दाना पानी, आशियाना, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण संबंधी कार्यशाला एवं परिंदा प्रणय सम्मान समारोह में जनपद के तीन शिक्षक सम्मानित हुए। समारोह में प्रदेश के 64 जनपदों से 104 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
जनपद से सम्मानित हुए शिक्षकों में प्राथमिक विद्यालय नगला मके (ताखा) के शिक्षक रामजी शर्मा, कंपोजिट विद्यालय बुलाकीपुर (बसरेहर) की शिक्षिका सुनीता यादव, कन्या प्राथमिक विद्यालय पुराना भरथना की शिक्षिका संतोष कुमारी शामिल हैं। समारोह में समाजसेवी प्रकृति संरक्षण, गौरैया संरक्षण, पशु पक्षियों की सेवा, लावारिस शवों का दाह संस्कार, गरीबों की मदद, रोगियों का निशुल्क उपचार आदि में योगदान करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
शिक्षिका सुनीता यादव को गौरैया संरक्षण के लिए वर्ष 2017 से अब तक सैकड़ों घोंसले बनाकर निशुल्क वितरित करने पर सम्मानित किया गया। पक्षियों एवं प्रकृति संरक्षण पर आधारित पक्षियों के लिए दाना पानी एवं आशियाना मुहिम के संचालक हरिओम सिंह ने बताया कि पहले हमारे आंगन और घरों में गौरैया रहती थीं, लेकिन धीरे-धीरे विलुप्त होती चली गईं। इसीलिए हम सभी ने मिलकर गौरैया संरक्षण मुहिम को शुरू किया है।
मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक डॉ. आकाश अग्रवाल ने शिक्षकों सम्मानित किया। इस दौरा मथुरा डायट के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. भास्कर मिश्र, राष्ट्रपति से सम्मानित डॉ. लक्ष्मी गौतम समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। जनपद के शिक्षकों को मिली इस उपलब्धि पर बीएसए शैलेश कुमार ने हर्ष जताते हुए तीनों शिक्षकों को बधाई दी है। कहा कि शिक्षण कार्य के साथ सामाजिक जीवन में सक्रिय रहकर सेवा भाव की भूमिका निभाना सराहनीय है, इससे दूसरों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए।