पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी मंजिल सैनी की अध्यक्षता में रविवार को परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन हुआ। उनके साथ पुलिस अफसरों की पूरी कोशिश रही कि जितना संभव हो सके घर टूटने से बचे।
एसएसपी ने फरियादियों को सुना और कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन महीने के पहले और तीसरे रविवार कराने का भी निर्णय लिया गया।
परिवार परामर्श केंद्र में लक्ष्मी देवी पत्नी स्व. वीरेंद्र निवासी मोहल्ला आदर्शनगर थाना भरथना इटावा अपने पूरे परिवार के साथ आईं और पुत्र अरविंद कुमार उर्फ ललूटे तथा उसकी पत्नी रिंकी देवी और ईशू व दीपक पर उन्हें प्रताड़ित और मारपीट करने आरोप लगाया।
एसएसपी तथा परिवार परामर्श केंद्र के सदस्यों ने दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया। फिर आपस में विचार करने पर समाधान हेतु अग्रिम तिथि दे दी गई। दोनों पक्षों में मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है।
इसी प्रकार अलका सिंह पुत्री श्रीपति नारायण निवासी विजयनगर थाना सिविल लाइन इटावा और नीलम पुत्री जीवालाल निवासी ब्रह्मनगर थाना भरथना उपस्थित हुए। दूसरे पक्ष को जानकारी न होने के कारण वह नहीं आया। ऐसे में आगे की तारीख दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परिवार परामर्श केंद्र के सभी सदस्यों को समुचित निर्देश दिए तथा परिवारों को जोड़ने का भरसक प्रयास किया जाए।
इस दौरान सदस्यों में अरविंद कुमार तिवारी महिला कल्याण समिति, प्रहलाद सिंह रिटायर्ड क्षेत्राधिकारी, ऊषा अरविंद रिटायर्ड न्यायिक मजिस्ट्रेट, ममता यादव एडवोकेट, नितिश यादव एडवोकेट, सुप्रिया मिश्रा एडवोकेट के अलावा एएसपी सर्वानंद सिंह यादव, सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा, शिवराज सिंह क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर उपस्थित रहे।