इटावा। ब्लॉक सैफई की ग्राम पंचायत बरौली कला गुरुवार को विकास कार्यों की सौगातों से सराबोर रही। प्रदेश सरकार के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने यहां नवनिर्मित मिनी स्टेडियम, ग्राम सचिवालय, डिजिटल लाइब्रेरी और रामजी अन्नपूर्णा भवन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एसआईआर के माध्यम से फर्जी वोटों को खत्म किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में जनता के टैक्स का पैसा व्यर्थ के कार्यों में बर्बाद होता था, जिसे मौजूदा सरकार ने रोककर जनहित के विकास कार्यों में लगाया है। उन्होंने कहा कि आज गांवों में पंचायत भवन और डिजिटल लाइब्रेरी बन रही हैं, जो पहले कभी सोचा भी नहीं गया था। उन्होंने अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि चाहे अपने निजी खर्चों में कटौती करनी पड़े लेकिन बच्चों को शिक्षा जरूर दिलाएं।
उन्होंने उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने बेटियों की पढ़ाई, शादी और स्वास्थ्य की चिंता अपने सिर ले ली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से आह्वान किया कि कोई भी पात्र युवा वोट बनवाने से वंचित न रहे। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य रहे।