लवेदी। ईकरी-उग्गरपुरा मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में निर्माण की प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों ने सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि जेसीबी से मिट्टी की खोदाई करने के बाद जमीन का उचित समतलीकरण किए बिना ही सीधे कंक्रीट व गिट्टी डाली जा रही है। इसके बाद रोलर चलाकर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। निर्माण के इस तरीके से सड़क की मजबूती और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीण राजकिशोर, लाला, बंटी, राजू, अजय दुबे, अरविंद और बृजेश तिवारी का कहना है कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया का पालन होना जरूरी है। खोदाई के बाद पहले मिट्टी को समतल कर उसकी ठीक से दबाई जानी चाहिए, ताकि नीचे की सतह मजबूत हो सके। इसके बाद ही गिट्टी और कंक्रीट डालने का कार्य होना चाहिए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मौके पर इस प्रक्रिया की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। इस मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई हिंद मोहन ने बताया कि विभागीय स्तर पर ऐसी प्रक्रिया नहीं अपनाई जा रही है। यदि ठेकेदार की ओर से ऐसा कहीं किया जा रहा है तो सुपरवाइजर के माध्यम से तत्काल जांच कराई जाएगी। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।