इटावा में भरथना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सीपुरा गांव में शनिवार की दोपहर बिजली के करंट की चपेट में आने से युवक की इलाज के दौरान पीजीआई सैफई में मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ इटावा-कन्नौज हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया।
जाम लगने की सुगबुगाहट से पहले ही पूर्व सांसद प्रदीप यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव सहित प्रशासनिक-पुलिस अधिकारियों ने परिजनों व ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत कर दिया।
मौके पर मौजूद तहसीलदार हरिश्चन्द्र ने क्षेत्रीय लेखपाल संजय कुमार को कागजी कार्रवाई पूरी कर किसान दुर्घटना बीमा के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
सीओ विजय सिंह, कोतवाल बचन सिंह सिरोही आदि मौजूद रहे। बता दें कि शनिवार को वन विभाग नर्सरी के नजदीक ही खेत मे बिजली के करंट की चपेट में आने से सतेंद्र कुमार की इलाज के दौरान पीजीआई सैफई में मौत हो गई थी। मृतक के परिवार में पत्नी शालिनी व 4 वर्ष का पुत्र है।