घटना के बाद शव के पास रोते बिलखते परिजन
- फोटो : amar ujala
इटावा के चकरनगर में सहसों थानाक्षेत्र के लखना-सिंडौस मार्ग पर शुक्रवार सुबह सड़क पार कर रहे बालक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने चार घंटे तक लखना-सिंडौस मार्ग पर जाम लगा दिया।
बकेवर थानाक्षेत्र के अंदावा मड़ैया गांव निवासी रेशमा देवी गुरुवार को बेटे किशन (10) के साथ सिरसा गांव स्थित भाई के बेटे की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने आई थीं। शुक्रवार सुबह किशन मां के साथ टेंपो से सहसों गांव स्थित मौसी के घर जा रहा था।
लखना-सिंडौस मार्ग पर दोनों टेंपो से उतरकर सड़क पार कर रहे थे, तभी लखना की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने किशन को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह देख रेशमा बेसुध होकर सड़क पर गिर गईं।
सूचना पाकर परिवार और गांव के लोग मौके पर पहुंच्रे। क चालक की गिरफ्तारी की मांग पर आक्रोशित लोगों ने लखना-सिंडौस मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्रा व सीओ चंद्रपाल सिंह के आश्वासन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी मदन लाल गुप्ता ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शक के आधार पर एक ट्रक व चालक को पकड़ा गया है।