इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम शाला के पास सिक्सलेन हाईवे पर उल्टी दिशा से आ रहे ट्रक ने डीसीएम में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम चालक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम के केबिन में फंसे चाल के शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम को भेजा।
इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने भेजा। सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे एक डीसीएम औरैया से इटावा की ओर आ रही थी। इस दौरान इटावा से एक ट्रक उल्टी दिशा में जा रहा था। ग्राम शाला के पास सिक्सलेन हाईवे पर ट्रक ने डीसीएम में टक्कर मार दी।
हादसे में डीसीएम चालक जमशेद अख्तर (45) निवासी थाइसा भोजपुरी जनपद पलवल हरियाणा की केबिन में फंस कर मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक व क्लीनर भाग निकले। सूचना पर बकेवर थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह, एसएसआई गंगा दास गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने डीसीएम में फंसे चालक के शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डीसीएम में मौजूद कागजातों से मृतक पहचान की। थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर थाने में खड़ा कराया गया है। फरार ट्रक चालक व क्लीनर की तलाश की जा रही है।