इटावा के भरथना कोतवाली क्षेत्र के झिंदुआ गांव के सामने शुक्रवार सुबह नहर किनारे 30 वर्षीय युवक का रक्तरंजित शव मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब छानबीन की तो युवक के सीने में गोली व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटों के निशान मिले।
पुलिस ने आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की और शव को जिला अस्पताल की र्मोच्युरी में रखवाकर शिनाख्त के प्रयास कर रही है। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे भरथना कोतवाली क्षेत्र के झिंदुआ गांव के सामने नगला घासी में ग्रामीण खेतों में काम करने जा रहे थे।
तभी नहर किनारे एक 30 वर्षीय युवक का शव खून से लथपथ मिला। उसके सीने के दाहिने तरफ गोली लगने और कान व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटों के निशान थे। ग्रामीणों शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की।
मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ कर शव के आसपास छानबीन की। पुलिस टीम को छानबीन के दौरान दो खोखे बरामद हुए है। पुलिस ने उसकी शिनाख्त के प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। मृतक भूरे रंग की जॉकेट, काली शर्ट, इनर व पैँट पहने है।
एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि युवक के सीने में गोली व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान है। मृतक के शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की र्मोच्युरी में रखवाया गया है।