उत्तर प्रदेश के इटावा में बसरेहर थानाक्षेत्र के गांव सिरसा में मंगलवार रात चोरी समझ कुछ ग्रामीणों ने मानसिक रोगी नेत्रपाल की पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस को पड़ताल में पता चला है कि आरोपियों नेे नेत्रपाल को खंभे से बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा था।
अधमरा होने पर अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस ने भैंस मालिक बृजेश और निवर्तमान प्रधान स्वतंत्र चौधरी को गिरफ्तार कर खून से सना डंडा, अंगौछा व कार बरामद की है। बसरेहर के नगला बाग पोस्ट कुसना निवासी नाथूराम का बेटा नेत्रपाल सिंह मानसिक रोगी था।
मंगलवार रात वह घर से तीन किलोमीटर दूर स्थित गांव सिरसा पहुंच गया था। यहां पर गांव के बृजेश कुमार ने उसे भैंस चोर समझ कुछ साथियों के साथ पकड़ा था। पीटने के कारण नेत्रपाल की मौत हो गई थी। आरोपी उसे कार में डालकर सीएचसी पहुंचे थे जहां उन्होंने नेत्रपाल को सड़क हादसे का शिकार बताया था।
पिटाई का वीडियो वायरल
जब नेत्रपाल को खंभे से बांधकर पीटा जा रहा था तब किसी ग्रामीण ने उसका वीडियो बना लिया था। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस को उक्त वीडियो मिल गया है। बसरेहर थाना प्रभारी मनोज कुमार सोलंकी ने बताया कि वीडियो के आधार पर पुलिस अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।