निवाड़ीकला। बकेवर थाना क्षेत्र के इंद्रावखी गांव में एक युवक को कुछ लोगों ने पीटा और लूटपाट का प्रयास किया। घटना के दौरान एक राहगीर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। हालांकि, अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
गांव के पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई शैलेंद्र सिंह इंद्रावखी गांव का राशन डीलर है। वह मोहल्ले के जितेंद्र सिंह उर्फ गोलू के साथ मंगलवार सुबह किसी काम से अहेरीपुर गया था।
जहां तांगा स्टैंड के पास अहेरीपुर गांव के दो युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर शैलेंद्र को पीटा और बाइक लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके दोस्त जितेंद्र को भी पीटकर घायल कर दिया।
राहगीरों की सूचना पर अहेरीपुर चौकी प्रभारी तरुण प्रताप मौके पर पहुंचे और दो हमलावरों को हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक मामले की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।