इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के एनएच-दो स्थित समृद्धि हॉस्पिटल के सामने अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया।
आगरा के फतेहपुर सीकरी के डरा गांव निवासी बलवीर का बेटा अनुराग (18) अपने साथी बंटी के साथ इटावा आया था। मंगलवार को वह इटावा शहर की तरफ पैदल आ रहा था।
एनएच-दो स्थित समृद्धि हॉस्पिटल के सामने पहुंचने पर उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची।
जहां डाक्टरों ने अनुराग को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा कर मृतक के परिजनों को जानकारी दी गई है। आगरा से परिजनों के आने पर दोनों युवकों के इटावा आने का कारण स्पष्ट होगा।