जसवंतनगर (इटावा)। घरों व दुकानों में चोरी होना आम बात है, लेकिन पुलिस अभिरक्षा से ट्रक चोरी होना बड़ी बात है। ऐसा इटावा जिले के जसवंत नगर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां पुलिस अभिरक्षा से ट्रक मालिक अपना ही ट्रक चोरी करके ले गया।
पुलिस इस घटना को चार दिन तक छिपाए रही। आखिर में आरोपी ट्रक मालिक को गिरफ्तार करने के साथ ही ट्रक को बरामद करके मंगलवार को गुडवर्क का खुलासा कर वाहवाही लूट ली।
हालांकि, पुलिस अभिरक्षा से ट्रक चोरी होने के मामले को एसएसपी ने गंभीरता से लेते हुए सीओ जसवंत नगर राजीव प्रताप सिंह को जांच सौंपी है।
एआरटीओ बृजेश कुमार यादव और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त चेकिंग के दौरान 24 जून की रात को एक बालू से भरा ओवरलोड ट्रक पकड़ा था।
मौके पर ट्रक मालिक कागजात भी नहीं दिखा सका था। इसलिए पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने के बाद उसे मंडी समिति पुलिस चौकी के पास खड़ा करा दिया था।
जहां से देर रात फिरोजाबाद के थाना एका के कुंडेश्वर गांव निवासी ट्रक मालिक अविनाश कुमार ट्रक चुराकर ले गया। इसकी भनक रात भर पुलिस ने नहीं लगी।
पुलिस इस घटना को चार दिन तक छिपाए रही। पुलिस ने गुपचुप तरीके से 27 जून को थाने के सिपाही दीवान जयचंद्र की तहरीर पर ट्रक मालिक अविनाश कुमार के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया।
इधर, मंगलवार की सुबह थाना प्रभारी नवरत्न गौतम ने चोरी गया ट्रक सीएचसी के पास से लावारिस हालत में खड़ा बरामद कर लिया। इसके साथ ही आरोपी अविनाश को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने गुडवर्क कर वाहवाही लूट ली। दोपहर बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
लापरवाही का दोषी कौन?
पुलिस अभिरक्षा में खड़ा ट्रक चोरी होना बड़ा मामला है। इसमें पुलिस कर्मियों की लापरवाही साफ तौर पर है। इसके बाद भी चार दिन तक मामले को दबाए रखा गया। जांच अधिकारी भी इसमें लापरवाही के दोषी कर्मी को चिह्नित नहीं कर सके। यह स्थिति अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूत्रों की माने तो पुलिस इस मामले में लीपापोती करने में जुटी है।
ट्रक मालिक के पुलिस अभिरक्षा से ट्रक चोरी करके ले जाने के मामले की जांच सीओ जसवंत नगर राजीव प्रताप सिंह को सौंपी गई है। सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। - डा.ब्रजेश कुमार सिंह, एसएसपी