बकेवर। थाना क्षेत्र के मुकुटपुर गांव के पास एक ट्रैक्टर ने सामने से आ रही आटो में टक्कर मार दी। हादसे में सपा जिला पंचायत सदस्य के भांजे की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लिया है।
ग्राम नगला बलजू लखना निवासी प्रवीण सिंह दोहरे (27) की अहेरीपुर क्षेत्र के ग्राम गोपियापुर में ससुराल और ननिहाल है। वह सपा से जिला पंचायत सदस्य जयप्रकाश दोहरे का भांजा था।
वह दिल्ली स्थित अपोलो हॉस्पिटल में नौकरी करता था। शनिवार की रात करीबी साढ़े आठ बजे वह अपनी पत्नी व डेढ़ साल के बच्चे हनी को साथ लेकर ऑटो से महेवा जा रहा था।
उसे महेवा से दिल्ली के लिए बस पकड़नी थी। ग्राम मुकुटपुर के पास उसके आटो में सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में प्रवीण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रवीण सिंह और उसके चाचा ऑटो चालक जितेंद्र सिंह निवासी ग्राम नगला बलजू को जिला अस्पताल भेजा। जहां से हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने प्रवीण को सैफई रेफर कर दिया।
जहां रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर अहेरीपुर चौकी इंचार्ज राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम कराया।