इटावा। जसवंतनगर कस्बे के जैन बाजार मोहल्ले में एक फल विक्रेता के दस दिनों से बंद घर से चोर करीब तीन लाख रुपये के जेवर व नगदी ले गए। छत के रास्ते चोर अंदर दाखिल हुए। कमरों का ताला तोड़कर बक्से में रखा माल निकाल लिया। परिवार के लोग आगरा गए हुए थे।
जैन बाजार मोहल्ला निवासी रामनरेश पुत्र भजन लाल परिवार के साथ 15 फरवरी से आगरा में थे। यहां उनकी पत्नी कमलेश कुमारी का इलाज चल रहा है। मंगलवार शाम उनका बेटा निकेतन घर लौटा। घर के मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर गया तो दोनों कमरों का ताले टूटे थे। कमरे में सामान बिखरा था, बक्सा भी खुला पड़ा था। उसने पुलिस को सूचना दी।
निकेतन ने बताया कि बंद मकान देखकर चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। एक लाख रुपये के अलावा सोने की चेन, 5 अंगूठियां, चांदी की तीन तोड़ियां बक्से से निकाल कर ले गए। चोरों ने कब वारदात को अंजाम दिया। यह उसे नहीं पता। दरअसल, घर के सभी लोग बाहर थे। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार को उसने सूचना दी। कस्बा इंचार्ज सनत कुमार मौके पर पहुंचे और कमरों व छत का जायजा लेकर उन्होंने आसपास रहने वालों से पूछताछ की।