निवाड़ीकला। महेवा ब्लॉक के वीरपुर-सलेमपुर गांव का स्टेडियम शराबियों का अड्डा बनता जा रहा है। परिसर में शराब की खाली बोतलें बिखरी पड़ी हैं। सबमर्सिबल पंप ताले में बंद होने से पौधों को पानी नहीं मिल पा रहा है और सफाई कर्मी के न आने से स्टेडियम में जगह-जगह गंदगी जमा है।
स्टेडियम में हरियाली के लिएि पौधे और व्यायाम के लिए मशीनें तक लगाई गई हैं। शुरुआती दिनों में तो पौधो में पानी डाला जाता रहा। किंतु एक महीने से पौधों में पानी नहीं डाला जा रहा है।
सबमर्सिबल में ताला लगा है। सफाईकर्मी भी नहीं आता है। गांव के भानु, शिवम, अवनीश, विपिन, दयाराम, गोलू, सुमित, राजेंद्र, दीपक, अंकु ने बताया कि सफाईकर्मी ने एक बार भी स्टेडियम की सफाई नहीं की है।
टोकने पर बदतमीजी भी करता है। उसने काम के लिए अपनी जगह एक लड़के को रखा है। वह भी केवल खानापूरी के लिए ही आता है।
ग्राम पंचायत सचिव सुधीर कुमार ने बताया कि स्टेडियम की सफाई कराई जाएगी और अगर पौधो में पानी नही डलवाया जा रहा तो ग्राम प्रधान से कहकर पानी की व्यवस्था कराई जाएगी। स्टेडियम की अव्यवस्थाओं को तुरंत दुरूस्त करवाया जाएगा।
मनीष दुबे ने बताया कि स्टेडियम की घास बड़ी हो गई थी। आठ दिन पहले गांव के युवाओं ने साफ सफाई की। सबमर्सिबल ताले में बंद होने से पौधो में पानी नही मिल पा रहा है।
अंकित ने कहा कि पानी नहीं मिलने से पौधे सूखने लगे हैं। इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसे में पौधों को प्रतिदिन पानी की जरूरत है लेकन डेढ़ महीने से सिंचाई नहीं हुई है।
आलोक तिवारी ने कहा कि स्टेडियम में खेलने वाले युवा ही उसकी देखभाल करते थे। समय से पौधो में पानी भी डाला जाता था। अब सबमर्सिबल ताले में बंद होने से सिंचाई नहीं हो पा रही है।
भानु ने बताया कि प्रधान और पंचायत सचिव से कई बार कहा गया लेकिन उन्होेंने रुचि नहीं ली। एक ओर प्रशासन पौधोरोपण करा रहा है दूसरी ओर लगे पौधों की देखभाल पर ध्यान नहीं है।