लवेदी। नगरपंचायत लखना बोर्ड की बैठक में पक्के तालाब के सुंदरीकरण, मंडी के पास की दुकानों की नीलामी और गुरु के तिराहे से नहर पुल तक पानी पाइप लाइन डालने के प्रस्ताव पास किए गए। सभासदों ने अपने वार्डों की शिकायतों को भी दर्ज कराईं।
नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. समीर प्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुहाल ठाकुरान मेें पार्क का निर्माण, सुंदरीकरण कराकर झूले लगाने, मुहाल मानखां स्थित मिडिल स्कूल व पुरावली दरवाजा प्राइमरी विद्यालय का कायाकल्प, टाइल्स, छत बनाना, दरवाजे, टूटी बाउंड्री का निर्माण, फिटिंग कार्य के प्रस्ताव भी मंजूर किए गए।
पंचायत के आवासों की मरम्मत के साथ नगर में विद्युत लाइटें लगवाने, शाम को भी गलियों से कूड़ा उठवाने पर मोहर लगी। सभासद आफताब खां ने मिडिल स्कूल के पास नाले में पानी भरा रहने की शिकायत रखी और कब्रिस्तान में लाइट लगाने की मांग की।
शिवकुमार चौहान ने बाईपास तिराहे पर नाले पर पटिया डालने की मांग रखी। सभासद नीता दुबे ने दीक्षितान और कहारान मुहाल में सड़क पर जलभराव से निजात और खराब हैंडपंप सुधरवाने की मांग की।
सभासद अभिनेंद्र सिंह ने ईमली मुहाल में सोलर लाइट लगवाने की मांग रखी। अध्यक्ष डॉ. समीर ने अधिशाषी अधिकारी देवेंद्र सिंह को स्थलीय निरीक्षण करके समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
सांसद प्रतिनिधि श्रीभगवान पोरवाल, दिनेश यादव, संतोष पोरवाल, प्रदीप प्रधान, धर्मेंद्र चक, सूरज बाथम, मंजू देवी, रजनी त्रिपाठी, रेखा कुशवाहा मौजूद रहीं।