इटावा। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेश को शासन ने लापरवाही के मामले में निलंबित कर दिया है। उनका निलंबन आदेश अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास मनोज कुमार सिंह ने जारी कर दिया है।
बताया गया कि परियोजना निदेशक डीआरडीए उमाकांत त्रिपाठी को उत्तर प्रदेश विधान मंडल की महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति के सामने 12 जुलाई को प्रस्तुत होना था।
उन्हें बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में अपात्रों को चयनित किए जाने की शिकायतों के संबंध में सभी सूचनाओं के साथ बुलाया गया था। वह बैठक में नहीं पहुंचे।
इस पर विधानमंडल समिति ने इस कृत्य को शासकीय आदेशों की अवहेलना बताते हुए प्रकरण अग्रिम कार्रवाई के लिए शासन को संदर्भित कर दिया था।
जिस पर शासन स्तर से शासकीय कार्यों में लापरवाही तथा अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एडीएम जय प्रकाश ने बताया कि पीडी के निलंबन का आदेश जिलाधिकारी कार्यालय को प्राप्त हो गया है।