जसवंतनगर। प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में बिजली की कमी नहीं है। सिर्फ भ्रष्ट अफसरों की बदौलत आम जनता परेशान है। बेलगाम अफसरों को ठीक करने में प्रदेश की योगी सरकार नाकाम साबित हुई है।
रविवार को जसवंतनगर नगर पालिका की बैठक में भाग लेने आए शिवपाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता के इलाज के लिए ताखा तथा जसवंतनगर सीएचसी को विधायक निधि से ऑक्सीजन प्लांट दिए हैं।
यदि कोई बीमार है परेशान है तो उसका इलाज वह खुद खड़े होकर सैफई पीजीआई मे कराएंगे। जरूरत पड़ने पर उसके इलाज के खर्चे का वहन भी करेंगे।
उन्होंने बोर्ड बैठक मे कहा कि आप सभी सभासद पालिका को मिलजुल कर चलाएं तथा नगर के विकास पर जोर दे। वर्तमान सरकार मे विकास कार्यों के बजट की समस्या आ रही है। विकास से संबंधित जो भी कार्य है उनका बजट शासन से दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे।
जसवंतनगर। नगर पालिका परिषद की बैठक में विकास के कार्यों के लिए शासन से धन आवंटन की मांग की गई। चेयरमैन सुशील कुमार जौली और ईओ रामेंद्र सिंह ने प्रस्ताव बनाकर क्षेत्रीय विधायक एवं प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव को सौंपा।
बोर्ड ने प्रसपा प्रमुख से लुधुपुरा वार्ड नंबर 14 में पार्क निर्माण के लिए शासन से धनराशि दिलाने तथा मुहल्ला सिसहाट में सरस्वती इंटर कॉलेज से सिरसा नदी तक नाला निर्माण, पेयजल के लिए प्रत्येक वार्ड मे एक एक हैंडपंप, मुहल्ला सिसहाट तथा रेलमंडी मे एक एक पानी की टंकी निर्माण, रामलीला तिराहे से कैस्त तक नाली निर्माण के लिए शासन से धनराशि दिलाने की मांग की।
जिस पर उन्होंने बोर्ड को आश्वस्त किया कि वह शासन से धनराशि दिलाने का पूरा प्रयास करेगे। सभासद राजीव यादव ने मिडिल स्कूल प्रांगण में बने सार्वजनिक मंच के जीर्णोद्धार की मांग की। बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ एजेंडा पढ़कर सुनाया गया।
बोर्ड में सम्मलित सभी कार्यों को जल्द पूर्ण कराने पर जोर दिया गया। बैठक मे मुख्य रूप से मोहम्मद अहसान, शहाबुद्दीन, राजेंद्र सिंह चौहान, कुशल पाल शर्मा, सत्यवीर यादव, प्रमोद गुप्ता, विमल जैन, मुनेश यादव, अजेंद्र गौर, खन्ना यादव, अशोक ठेकेदार, राजपाल सिंह, सुनील यादव आदि मौजूद रहे।