जसवंतनगर। थाना क्षेत्र के धौलपुर खेड़ा गांव में विवाहिता की ससुराल में रविवार को मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। तो ससुराली फरार थे, जबकि मृतका का शव कमरे के भीतर बेड पर पड़ा था।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। मायके वालों ने पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
धौलपुर खेड़ा गांव निवासी संजय उर्फ संजू भुर्जी की शादी मैनपुरी के घिरोर थानाक्षेत्र के रतवा गांव की सोनी (21) से 15 जून 2020 को हुई थी। पिता सुरेश चंद्र ने बताया कि बेटी की शादी के कुछ समय बाद ही उसके ससुराल वालों ने दहेज में बाइक की मांग शुरू कर दी।
इसे लेकर वे बेटी को मारते पीटते थे। रविवार को बेटी ने फोन करके उन्हें ससुराल वालों के हाथों पीटे जाने की जानकारी दी। जब तक वह लोग बेटी की ससुराल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
शव कमरे में बेड पर पड़ा था। पति समेत ससुराल के सभी लोग घर से भाग चुके थे। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी ने घटनास्थल को देखा, फोरेसिंक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
सीओ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि सोनी की मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
सोनी के पिता ने दमाद संजय, गोविंद, पिता चंद्रमोहन व मां कुसमा देवी के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। जिस पर चारों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।