इटावा। बसरेहर क्षेत्र के राम बिहारी साला के पास फाल्ट ठीक करने के लिए बिजली के पोल पर चढ़ा लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। झटका लगने पर वह 30 फुट नीचे सड़क पर आ गिरा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्र के अड्डा सुखलाल निवासी लाइनमैन राजेश बसरेहर बिजली घर में तैनात है। मंगलवार की दोपहर क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। दोपहर करीब दो बजे वह राम बिहारी साला के पास फाल्ट ठीक करने के लिए 30 फुट ऊंचे बिजली के पोल पर चढ़ा।
इस दौरान बारिश के चलते वह करंट की चपेट में आ गया और पोल से नीचे आ गिरा। घटना में उसका सिर फट गया और शरीर पर कई जगह चोटें आईं हैं। मौके पर मौजूद दुकानदारों ने फौरन उसे बसरेहर सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बसरेहर बिजलीघर के जेई मानसिंह ने बताया है कि शट डाउन लेने के बाद राजेश पोल पर चढ़कर फाल्ट ठीक कर रहा था। उसी दौरान बारिश के चलते उसको करंट का झटका लगा और वह पोल से नीचे गिर गया। उसे इलाज के लिए आगरा ले जाया गया है।