इटावा। बलरई थानाक्षेत्र के मड़ैया फकीरे गांव के पास पांच दिन पहले मिले घायल युवक ने सैफई पीजीआई में दम तोड़ दिया। पिता ने गांव के लोगोें पर बेटे को पीटने का आरोप लगाया है। पुलिस इसे दुर्घटना मान रही है।
मड़ैया फकीरे गांव निवासी लायक सिंह (36) पुत्र राम प्रकाश आठ फरवरी को गांव से थोड़ी दूर खंदी के पास घायलावस्था में मिला था। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया। युवक के पिता राम प्रकाश ने आरोप लगाया कि उसके पुत्र को गांव के तीन लोग बुलाकर ले गए थे। इन लोगों ने उसकी पिटाई की जिससे उसको गंभीर चोटें आईं। युवक के तीन पुत्र व चार पुत्रियां हैं। उसकी मौत से पूरे घर में कोहराम मचा है। वहीं एसओ बलरई देवेश कुमार ने बताया कि पुलिस को उसके सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली थी। जिसे सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उसी मौत हो गई। उन्होंने मारपीट जैसी किसी घटना से इनकार किया है।