इटावा। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले में पंचायत प्रतिनिधियों के रिक्त पदों पर चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इन पदों पर 6 जून को नामांकन व 12 को मतदान होगा।
जिले में आठ ब्लाकों की 285 ग्राम पंचायतों में सदस्यों के 2920 और क्षेत्र पंचायत सदस्य का एक पद रिक्त है। अप्रैल माह में दूसरे चरण में हुए चुनाव में कोई नामांकन पत्र दाखिल न होने के कारण इन पदों पर निर्वाचन नहीं हो सका था।
इस कारण इन गांवों में पंचायत का गठन नहीं हो सका है। आयोग से अधिसूचना जारी होने के बाद इन ग्राम पंचायतों के गठन का रास्ता साफ होगा।
ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण जिले की 471 ग्राम पंचायतों में सिर्फ 186 का गठन हो सका, बाकी 285 ग्राम पंचायतें गठित ही नहीं हो सकी।
14 जून को मतगणना पूरी होने के बाद उम्मीद है कि सभी 471 ग्राम पंचायतों में गांव की सरकार काम करना शुरू कर देगी। राज्य निर्वाचन आयोग से जारी अधिसूचना के मुताबिक रिक्त पदों के लिए 6 जून को ही नामांकन पत्रों की जांच होगी।
7 जून को नाम वापसी व चुनाव चिह्न आवंटित होंगे। 12 जून को सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। जिले में महेवा ब्लाक में सबसे ज्यादा 794 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद रिक्त है। आयोग के अधिसूचना जारी करने के बाद जिला पंचायतराज विभाग के साथ ही जिला निर्वाचन कार्यालय भी हरकत में आ गया है।
ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पद ब्लाक वार
सैफई - 253
बढ़पुरा - 289
जसवंत नगर - 286
ताखा - 224
चकरनगर - 269
बसरेहर - 406
महेवा - 794
भरथना - 399