इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के नंगला खेमी गांव के एक शिक्षक को साइबर ठगों ने बीएलओ ड्यूटी का मानदेय देने के नाम पर ठग लिया। खाते से रुपये निकलने के बाद शिक्षक को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने एसएसपी को अर्जी देकर मदद की गुहार लगाई है। एसएसपी ने साइबर सेल को मामले की जांच सौंपी है।
आडरपुर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ का काम किया था। शिक्षक नरेश चंद्र ने बताया कि 29 मई की दोपहर एक अनजान व्यक्ति का उनके मोबाइल पर फोन आया।
फोन करने वाले ने खुद को निर्वाचन कार्यालय का लिपिक बताते हुए कहा कि आपने बीएलओ ड्यूटी की है। आपका मानदेय आपके बैंक खाते में डाला जाना है।
इसके बाद शातिर ने एटीएम कार्ड की फोटो खींचकर मांगी। बकौल नरेश चंद्र ने वह ठग की बातों में फंस गए और एटीएम की फोटो खींचकर उसके बताए व्हाट्स अप नंबर पर डाल दी।
थोड़ी देर बाद उनके खाते से 71 हजार 399 रुपये निकल गए। मोबाइल पर रुपये निकाले जाने का मैसेज आने पर उन्हें खुद के ठगे जाने का पता चला।
बकौल नरेश चंद्र उन्होंने बैंक को घटना की सूचना देने के बाद चौबिया थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने जांच का भरोसा देकर टरका दिया। इसके बाद उन्होंने एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह को अर्जी देकर मामले की जांच व साइबर ठगों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है।