सैफई(इटावा)। कुम्हावर चौकी प्रभारी रावेंद्र यादव ने रविवार रात सैफई बस स्टैंड के पास से आगरा के कतरी विहार निवासी युवक को गिरफ्तार किया है। युवक पर नाबालिग छात्रा के पिता ने बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने छात्रा को ढूंढ कर उसके बयानों व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म की धारा बढ़ाई और आरोपी को कोर्ट में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सैफई थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी मजदूर ने बताया कि नाबालिग बेटी को करीब चार दिन पहले रोहित बहला-फुसलाकर ले गया था। पुलिस के मुताबिक मामले में पीड़िता के पिता की तहरीर पर बहला-फुसलाकर ले जाने की धारा में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। रविवार को आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने नाबालिग लड़की को ढूंढा। पूछताछ में छात्रा ने पुलिस को बताया कि रोहित ने उसके साथ एक कमरे में दुष्कर्म किया। विरोध व घर जाने की जिद करने पर मारपीट की। गिरफ्तारी के वक्त रोहित जबरदस्ती उसे आगरा ले जा रहा था। सोमवार को पुलिस ने पीड़ित छात्रा के कोर्ट में बयान भी दर्ज कराए। सैफई थानाध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर यादव ने बताया कि पीड़ित छात्रा का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।