भरथना(इटावा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव टडा में प्रधानी चुनाव के वर्चस्व को लेकर रविवार देर रात दो पक्षों में फायरिंग हुई और लाठी-डंडे चले। इससे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने नौ लोगों को अवैध असलाह, खाली कारतूस, खोखें व लाठी-डंडे समेत गिरफ्तार कर सोमवार को हत्या के प्रयास व 7 सीएलएल व आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया।
टडा गांव निवासी वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, अरविंद, आशीष कुमार व दूसरे पक्ष के सुरजीत, अनुज, अवनीेेेेश, श्रीकृष्ण, राजेंद्र सिंह का चुनाव में वर्चस्व बनाए रखने को लेकर रविवार देर रात आपस में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जान मारने की नियत से लाठी-डंडे व लोहे की सरिया से हमला कर फायरिंग की। कई राउंड फायरिंग होने से गांव में दहशत फैल गई। इसी बीच किसी ने ग्रामीण ने बवाल की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी। सूचना पर उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, नीरज कुमार शर्मा, श्रीकृष्ण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने झगड़ा कर रहे नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
साथ ही पुलिस को मौके से एक मिनी रिवाल्वर, तीन कारतूस, एक तमंचा, पांच खोखे, लाठी-डंडे, लोहे की सरिया व एक मोबाइल बरामद किया। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि वीरेंद्र सिंह व सुरजीत के बीच एक प्लाट पर मिट्टी के डालने को लेकर विवाद चल रहा है। ग्रामीणों से पूछताछ करने पर जानकारी हुई कि दोनों पक्ष आगामी प्रधानी चुनाव में वर्चस्व कायम रखने को लेकर भिड़ गए थे। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास, 7सीएलएल व आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्जकर जेल भेजा गया है।