उदी (इटावा)। दिल्ली से आई महिला के साथ गुरुवार शाम रिटायर्ड फौजी ने कार में दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। महिला के अनुसार वह पति की शराब की लत छुड़ाना चाहती थी। आरोपी से उसकी फोन पर मित्रता हुई थी। आरोपी ने इलाज का झांसा देकर दिल्ली से यहां बुलाया था।
दिल्ली के भजनपुरा इलाके की 45 वर्षीय महिला का चार माह पहले एक रॉन्ग नंबर के जरिए सहसों थानाक्षेत्र के गढ़ी मंगल निवासी रिटायर्ड फौजी शिव सिंह से संपर्क हुआ। फोन पर दोनों की दोस्ती हो गई। महिला ने शिव सिंह को बताया कि उसका पति शराब बहुत पीता है। उसकी लत छुड़ानी है। शिव सिंह ने उसे झांसा दिया कि चकरनगर स्थित एक मंदिर में शराब छुड़ाने का इलाज होता है। इस पर महिला गुरुवार शाम दिल्ली से बस के जरिए पहले भिंड पहुंची फिर उदी।
उदी चौराहे पर शिव सिंह ने महिला को कार में बैठा लिया। महिला का आरोप है कि वह उदी से चकरनगर की तरफ लगभग पांच-छह किलोमीटर दूर जंगल में ले गया। यहां उसके साथ कार में ही दुष्कर्म किया। फिर चकरनगर चौराहे पर आरोपी कार से उतरकर एक दुकान से मिठाई लेने लगा। तभी महिला भागकर चौराहे पर खड़े पुलिसकर्मियों के पास पहुंच गई। आपबीती बताने पुलिस ने आरोपी शिव सिंह को पकड़ लिया। चकरनगर पुलिस ने दोनों को बढ़पुरा थाने भेज दिया था। बढ़पुरा थानाध्यक्ष जीवाराम यादव ने बताया कि दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्जकर महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।