उदी(इटावा)। बढ़पुरा थानाक्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में शुक्रवार सुबह 22 वर्षीय युवती की जहर खाने से मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
पोखरा गांव निवासी धर्मेंद्र का फिरोजाबाद निवासी वैजंती से प्रेम प्रसंग था। युवक व युवती 2018 से साथ में रह रहे थे। दोनों की दो बेटियां हैं। शुक्रवार को धर्मेंद्र ने बताया कि सुबह करीब सात बजे किसी बात से परेशान होकर वैजंती ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उदी सीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
धर्मेंद्र ने बताया कि दोनों ने शादी नहीं की थी लेकिन लिव इन में रह रहे थे। जानकारी पर युवती के परिजन अस्पताल पहुंचे। आरोप लगाया कि 2018 में बेटी वैजंती को धर्मेंद्र बहलाकर भगा ले गया था। तब से दोनों बिना शादी किए एक साथ रह रहे थे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। बढ़पुरा थानाध्यक्ष जीवाराम यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेंगे।