इटावा। जिला अस्पताल के प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में 15 दिनों से जुकाम, दर्द, बुखार, बीपी, डायबिटीज तक की दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इस वजह से मरीजों को लौटना पड़ रहा है। रोजाना करीब 200 से 300 मरीज दवाएं लेने आते हैं। दवाएं न उपलब्ध होने पर मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में बाजार से कम कीमत पर दवाएं मिलती हैं। 15 दिनों से यहां सन्नाटा पसरा है। इस बारे में जन औषधि केंद्र के संचालक विमल कुमार ने बताया कि दवाएं खत्म होने से पहले ही आर्डर लगा देते हैं। करीब महीने भर पूर्व आर्डर लगा दिया था, लेकिन इस बार दवाएं अभी तक नहीं आई हैं। बताया कि एक लाख का आर्डर लगाने पर 20 हजार की दवाएं आ पाती हैं। धीरे- धीरे और भी दवाएं खत्म होती जा रही हैं।