इटावा। जिले में पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद जिले में मतदाताओं की संख्या 9 लाख 44 हजार 505 हो गई है। यही मतदाता 471 ग्राम प्रधानों, 586 क्षेत्र पंचायत सदस्यों, 24 जिला पंचायत सदस्यों और 5911 ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव करेंगे। गत चुनावों के मुकाबले इस बार जिले में 77 हजार 851 मतदाता बढ़े हैं।
जिले के चकरनगर, सैफई, जसवंतनगर, भरथना, ताखा, बढपुरा, बसरेहर और महेवा कुल आठ ब्लाकों में पिछले पंचायत चुनावों में 8 लाख 66 हजार 654 मतदाता थे। पांच साल बाद मतदाताओं की संख्या बढ़कर 9 लाख 44 हजार 505 हो गई है । वर्ष 2021 में होने वाले चुनाव इसी मतदाता सूची के आधार पर होंगे। परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संभावित प्रत्याशियों को भी मतदाता सूची का इंतजार था।
मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अब आरक्षण की प्रक्रिया ही शेष बची है। आरक्षण की प्रक्रिया ही इस चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है। आरक्षण का शासनादेश जारी होते ही पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज हो जाएगी । सहायक निर्वाचन अधिकारी उदयनारायण ने बताया कि मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।