इकदिल(इटावा)। इंधौआ रोड स्थित मां वैष्णो ईंट-भट्ठा पर सोमवार रात करीब नौ बजे एक मजदूर ने दूसरे मजदूर के सिर पर डंडा मारकर हत्या कर दी थी। दोनों में कटिया डालने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी मजदूर को मानिकपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
जनपद फतेहपुर थाना सुल्तानपुर के ग्राम सिमौरी निवासी विनोद कुमार इकदिल के इंधौआ रोड स्थित मां वैष्णो ईंट-भट्ठे पर पत्नी फूलकुमारी के साथ मजदूरी करता था। 25 जनवरी की रात करीब नौ बजे झोपड़ी में बिजली नहीं आने पर विनोद पास के खंभे में कटिया डालने लगा। तभी वहां रह रहे जनपद फतेहपुर के थाना हथगांव ग्राम सालेपुर निवासी दिनेश कुमार की झोपड़ी की बिजली चली गई थी। दोनों भट्ठे में काम करते थे। दिनेश ने विनोद को पीटने के बाद उसके सिर पर डंडा मार दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। हत्या कर दिनेश मौके से फरार हो गया था।
पुलिस रिपोर्ट दर्जकर आरोपी की तलाश कर रही थी। तभी पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी मजदूर को हवेलिया भट्ठा के पास से गिरफ्तार कर लिया। कस्बा प्रभारी अवधेश ने बताया कि आलाकत्ल डंडा खून से सना हुआ मौके से बरामद किया गया था। आरोपी ने पूछताछ के दौरान जुर्म कबूल कर लिया है। गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा गया।