फोटो संख्या 22 - मंडी समिति से निकाली गई ट्रैक्टर रैली का दृश्य
- फोटो : ETAWHA
भरथना(इटावा)। भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के पदाधिकारियों ने सोमवार को किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर रैली निकाली। उन्होंने नगर भ्रमण करने के बाद राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कृषि कानूनों को वापस लेने सहित छह मांगों का उल्लेख किया गया है।
सोमवार की दोपहर स्थानीय कृषि उत्पादन मंडी समिति से किसानों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) की ट्रैक्टर रैली निकाली गई। रैली कस्बा के सती मंदिर, गिरधारीपुरा, मंदिर दानसहाय, आजाद रोड, जवाहर रोड से तहसील से वापस होकर बालूगंज, पुराना भरथना के रास्ते पुन: मंडी समिति परिसर पहुंची। यूनियन के जिलाध्यक्ष संजीव यादव, जिला प्रभारी मधुर यादव, जिला सह प्रभारी बृजेश यादव, जिला सचिव अमन यादव उर्फ टैरी, महेंद्र यादव, सुतनेश यादव आदि ने राष्ट्रपति को संबोधित छह सूत्री मांग पत्र उपजिलाधिकारी नम्रता सिंह को सौंपा।
मांग पत्र में कृषि कानूनों को वापस लेने, न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी का कानून बनाने, आंदोलन के दौरान प्राण त्यागने वाले किसानों को शहीद का दर्जा देने के साथ उसके परिवार के कम से कम एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने, आंदोलनरत किसानों पर लगाए गये फर्जी मुकदमों को रद्द करने, किसान आयोग का गठन करने, आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान की क्षतिपूर्ति देने आदि का जिक्र किया गया है। रैली के दौरान उपजिलाधिकारी के अलावा तहसीलदार गजराज सिंह यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी चंद्रपाल सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार आदि प्रशासनिक व्यवस्थाओं में लगे रहे।