इटावा। जिला प्रशासन, नगर पालिका और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से यमुना नदी के किनारे सफाई अभियान चलाया गया। इस अवसर पर सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने नदी के किनारे सफाई कर लोगों को जागरुकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे योजना के तहत नदियों का सफाई अभियान चलाया जा रहा है। बिना सामाजिक जागरूकता के सफाई अभियान सफल नहीं हो सकते। इसलिये सभी को सफाई अभियान में भाग लेना चाहिए।
सांसद ने कहा कि यमुना बहुत पवित्र नदी है और पर्यावरण की दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण है। इसको साफ रखना हम सबका कर्तव्य है। ईओ नगर पालिका अनिल कुमार ने बताया कि यमुना नदी को साफ रखने के लिये जिले में 44 करोड़ रुपये की लागत से 32 एमएलडी का जल शोधन प्लांट उमरैन में बनाया जा रहा है। यह अप्रैल माह में शुरू हो जाएगा। इसके लिए नगर में बड़े स्तर पर नालों का निर्माण किया जा रहा है जिनसे घरों का गंदा पानी सीधे जल शोधन प्लांट में जाएगा। वहां से साफ होकर फिर नदी में छोड़ा जाएगा।
सफाई अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष नौशाबा खानम, पूर्व अध्यक्ष फुरकान अहमद, उपजिलाधिकारी सदर सिद्धार्थ, भाजपा नेता प्रशांतराव चौबे, अमित तिवारी मानु, श्रीभगवान पोरवाल, सीपू चौधरी, प्रभात दीक्षित सहित सामाजिक संस्थाएं पर्यावरण एवं समाज कल्याण समिति, सोसाइटी फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर, मानव सेवा समिति, समाज उत्थान समिति आदि भी शामिल रहे।