इटावा। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय ग्रामीण बालक-बालिकाओं की खेलकूद प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन वॉलीबाल व कबड्डी की प्रतिस्पर्धाएं हुईं। शुक्रवार को हुई दूसरे दिन की प्रतियोगिताओं में सभी विकास खंडों की टीमों ने प्रतिभाग किया। वॉलीबाल बालक वर्ग में महेवा विजेता व भरथना उपविजेता और बालिका वर्ग में महेवा विजेता व बढ़पुरा उपविजेता रहे। कबड्डी बालिका वर्ग में सैफई विजेता तथा महेवा उपविजेता जबकि बालक वर्ग में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद बढ़पुरा विजेता व जसवंतनगर उपविजेता बने।
प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर जिला विकास अधिकारी दीनदयाल ने दो दिवसीय एथलेटिक्स, कुश्ती, भारोत्तोलन, वॉलीबाल व कबड्डी के विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र दिए। उन्होंने पुरस्कार स्वरूप प्रथम विजेता को ट्रैक सूट, द्वितीय को हाफ किट व तृतीय को टी-शर्ट प्रदान की। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी विकास यादव ने बताया कि जनपद पर विजयी खिलाड़ी मंडल स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि मंडलीय खेलकूद की तिथियां ज्ञात होने पर सूचना खिलाड़ियों को दी जाएगी। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मंडल स्तर पर जीत दर्ज करते हुए जोन स्तर और फिर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया और प्रतियोगिताओं के समापन की घोषणा की।
प्रतियोगिताओं में सेवानिवृत्त शिक्षक लालजी प्रसाद दुबे, नृदेव आर्य, बृजेश, विवेक भारती, जितेंद्र कुमार, प्रेमवीर, भोला सिंह, दीपी सिंह, रामप्रबल, मयंक दुबे, मुकेश भारती ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम प्रभारी राजीव त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापित किया और सेवानिवृत्त व्यायाम प्रशिक्षक लालजी प्रसाद दुबे का विशेष सम्मान किया। प्रतियोगिताओं में अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग करने वाले निखिल, गोलू आदि एवं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पीआरडी जवान सुरेंद्र राजपूत, सत्यवीर, रामनरेश, मुकेश, पंचीलाल, सुरेंद्र बाबू, नारायण आदि को भी धन्यवाद दिया।