महेवा(इटावा)। मुख्य विकास अधिकारी इटावा राजा गणपति आर के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल आंगनबाड़ी केंद्रों को अब मॉडल रूप से विकसित किया जाएगा। इनमें प्री-प्राइमरी शिक्षा प्रदान करने के हर संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
ब्लॉक महेवा की कुल 91 ग्राम पंचायतों में से प्रथम चरण में पांच गांवों के केंद्र मॉडल के रूप में चयनित किए गए। जिनके बारे में शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी ने ब्लॉक सभागार में शाम तीन बजे जेई आरईएस नवीन कुमार, प्रशासक जय किशन दोहरे, सहायक विकास अधिकारी पंचायत श्याम वरन राजपूत सहित सभी पांचों गांवों के सचिवों के साथ चयनित केंद्रों के मॉडल रूप में विकसित करने की योजना को मूर्त रूप दिया ।
चयनित पांच केंद्र -
बहेड़ा, नगला-चंदी (उझियानी ), व्यासपुर, बहादुरपुर व चन्द्रपुरा
ये कार्य होंगे
केंद्रों की रंगाई-पुताई, टाइल्स का कार्य, फर्श पर कार्पेट, साँप-सीढ़ी, बच्चों के खेल के लिए कार्टून, लंबाई नापने व वजन तोलने के यंत्र, आकर्षक चित्र व कार्टून व दीवारों पर बॉडी पार्ट्स सहित कई सुविधाएं होंगी। वहीं, खंड विकास अधिकारी सतीश चंद्र पांडेय ने बताया कि अभी प्रथम चरण में केवल पांच केंद्र चयनित है। इसके बाद अगले वित्त वर्ष में सभी गांव से कम से कम एक केंद्र विकसित किया जाएगा ।