इटावा। कोरोना के कारण मार्च से स्थगित चल रहा मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला दोबारा शुरू होगा। सीएमओ डॉ. एनएस तोमर ने बताया कोविड-19 प्रोटोकॉल के पूरी तरह से पालन के साथ रविवार (10 जनवरी) से एक बार फिर से स्वास्थ्य केंद्रों पर शुरू होगा।
इसीक्रम में रविवार को जिले के छह शहरी व ग्रामीण इलाकों के 28 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लोगों को इलाज व जांच की सेवाएं देने के साथ ही कोविड हेल्प डेस्क को सक्रिय किया जाएगा। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह को आरोग्य मेले का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
वीरेंद्र सिंह ने बताया मेला परिसर में मास्क, गमछा और दुपट्टा बांधे लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। प्रवेश पूर्व ऐसे लोगों के हाथ सैनिटाइज कराए जाएंगे। पल्स ऑक्सीमीटर और थर्मल स्क्रीनिंग होगी। आयुष्मान योजना अंतर्गत अभियान चलाकर लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे।