बकेवर(इटावा)। नगर पंचायत बकेवर की मासिक बोर्ड की बैठक में नगर की सीमा विस्तार का प्रस्ताव ध्वनि मत के साथ पारित किया गया। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की योजना का खाका भी बोर्ड बैठक में खींचा गया।
सभासद पुरुषोत्तम मिश्रा ने बताया कि चार दशक पूर्व बकेवर ग्राम पंचायत था। जिसे बाद में नगर पंचायत का दर्जा मिला। जिस समय बकेवर को टाउन एरिया बनाया गया। उस समय नगर का स्वरूप छोटा था। वर्तमान समय में नगर का क्षेत्रफल बढ़ गया है। इसलिए आवश्यक है कि नगर की सीमा का विस्तार हो और नगर से जुड़े गांवों को नगर में जोड़ा जाए।
सभासद की इस बात पर अधिशासी अधिकारी अजय कुमार ने सहमति जताई। सभासद टिल्लू यादव और अनिल तिवारी उर्फ पप्पू ने नगर पंचायत की भूमि को कब्जा मुक्त कराने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर भी सभी सदस्यों ने सहमति जताई। अधिशासी अधिकारी ने जल्द ही कब्जा मुक्त अभियान चलाने का आश्वासन दिया।
बैठक में तकरीबन आधा दर्जन से अधिक गलियों की मरंमत और नवनिर्माण का भी प्रस्ताव पारित हुआ। साथ ही जल्द ही नगर में अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाने, पेयजल की सुदृढ़ व्यवस्था पर चर्चा की। चेयरमैन विनोद कुमार दोहरे ने नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की कार्य योजना प्रस्तुत की।
बोर्ड की बैठक में कुसुमा देवी, अनिल तिवारी, शम्मो बेगम, भूपेंद्र कुमार, अवनीश कुशवाहा, जहीर खां, मनोनीत सभासद उपासना पोरवाल, दयासागर दोहरे मौजूद रहे।