इटावा। जिले में एक बार फिर से कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। सक्रिय केस की संख्या 200 को पार कर चुकी है। सीएमओ भी संक्रमित पाए गए हैं। बृहस्पतिवार को चार महिलाओं समेत 22 संक्रमित और मिले, इनमें जनता इंटर कॉलेज के दो छात्र भी शामिल हैं। बृहस्पतिवार को 13 संक्रमित ठीक भी हुए। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5430 हो गई है, जबकि 5130 कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। हालांकि, 99 दम भी तोड़ चुके हैं। सक्रिय केसों की संख्या 201 हो गई है। संक्रमित मिले सीएमओ डा. एनएस तोमर ने बताया कि हल्की खांसी और हल्का बुखार होने पर कोरोना जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई। होम आइसोलेट हो गए हैं।
सीडीओ डा. राजा गणपति आर ने बताया कि संक्रमितों में शहर में सीएमओ के अलावा प्रेमनगर में 71 वर्षीया वृद्ध व फ्रेंड्स कालोनी में 85 वर्षीय वृद्धा के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में चंद्रपुरा में चार लोग, ग्राम विक्रमपुर में तीन लोग, जनता इंटर कॉलेज में दो छात्र संक्रमित मिले। जसवंतनगर में 62 वर्षीय वृद्ध, ग्राम पुरा बल्देव पछायगांव में 32 साल का व्यक्ति, सैफई मेडिकल कॉलेज में 32 साल का व्यक्ति, सैफई के हॉस्टल में 18 और 22 साल के दो युवक, कदमपुर सरसईनावर में 21 साल की महिला, ग्राम शाहजहांपुर में 32 वर्षीय व्यक्ति, नदी का पुल में 25 वर्षीय युवक, उदी मोड़ में 66 वर्षीय वृद्ध तथा ग्राम भूटा में 24 साल की महिला संक्रमित मिली।