बकेवर। लखना में सराफ दुकानदार को अज्ञान व्यक्ति ने बातों में उलझाकर ठगी का शिकार बना लिया। दुकानदार को पीतल का हार देकर सोने की अंगुठियां लेकर चलता बना। कस्बा लखना के सराफा बाजार निवासी जगतनरायण सोनी की दुकान पर शुक्रवार को एक अनजान व्यक्ति आया। आते ही उसने मोबाइल से किसी से बात कराई। उसने कहा 9 अंगुठियां सोने की दे दो घर दिखाने को अभी वापस दे जाऊंगा। बदले में उसने सोने का हार रखने की बात कही। इसके बाद बातों में उलझाकर सोने की चेन के बदले नौ अंगूठी ले गया। उसके जाने के बाद दुकानदार ने उस हार की जांच की तो वह पीतल का निकला।
इस घटना से सराफा बाजार में हड़कंप मच गया। इस ठगी में दुकानदार का 20 ग्राम सोने का नुकसान बताया जा रहा है। जिसकी कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये की बताई जा रही है। इस मामले की अभी तक पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को तहरीर भी नहीं दी। लखना चौकी इंचार्ज प्रशांत दुबे ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं दी गई है। अगर कोई प्रार्थना पत्र देता है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।