दवा कारोबारियों को संबोधित करते जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर आशुतोष राणा व अन्य
- फोटो : ETAWHA
इटावा। जीएसटी में आने वाले वित्तीय वर्ष से सहज सुगम फार्म की शुरुआत होगी जिससे रिटर्न भरना आसान होगा। यह बात जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर आशुतोष गोस्वामी ने बस स्टेंड चौराहा स्थित एक होटल में गुरुवार को इटावा केमिस्ट वेलफेयर दवा व्यापारियों की गोष्ठी में कही।
उन्होंने बताया कि जीएसटी में व्यापारी पेंशन मानधन योजना से व्यापारियों को 60 वर्ष की उम्र पूरी होने पर पेंशन मिलेगी। इसमें 40 साल तक के व्यापारी भागेदार बन सकते हैं।
असिस्टेंट कमिश्नर आशुतोष गोस्वामी ने बताया कि ऑनलाइन व्यवस्था अच्छी है इससे रिटर्न भरना तो आसान है साथ ही कुछ भी देख सकते हैं। उन्होंने दवा व्यापारियों से पंजीकरण कराने को कहा। पंजीकरण के बाद व्यापारी दुघर्टना बीमा का लाभ उठा सकते हैं। व्यापारियों के लिए यह बड़ी प्रोत्साहन राशि है। लिहाजा दवा कारोबारी ज्यादा से ज्यादा पंजीकरण कराएं।
बताया कि व्यापारियों के लिए पहले 50 लाख रुपये तक की समाधान योजना थी जिसे बढ़ाकर डेढ़ करोड़ कर दिया गया है। इसके लिए खरीद पंजीकृत डीलर से ही करेंगे। इसके अलावा जिनका कारोबार डेढ़ करोड़ तक का है और पांच करोड़ के करोबारी उन्हें तीन माह में रिटर्न देना होगा। यह योजना आगामी वित्तीय वर्ष यानी अप्रैल से शुरू हो जाएगी। जीएसटी की ओर से असिस्टेंट कमिश्नर दिलेर सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर सचल दल भानु प्रकाश, ड्रग इंस्पेक्टर मनोज कुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
गोष्ठी में सदर विधायक सरिता भदौरिया के पहुंचने पर एसोसिएशन के अध्यक्ष उमाकांत जैन, भाजपा नेता डा.राजबहादुर यादव आदि ने स्वागत किया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में दवा कारोबारी उपस्थित रहे।